Ghunghutta Dam News : अंबिकापुर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित घुनघुट्टा डेम में एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक निवासी रीतिक साहू के रूप में हुई है। गुरुवार दोपहर वह स्कूटी से घुनघुट्टा डेम पहुंचा था। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद शुक्रवार दोपहर छात्र का शव डेम के गेट के पास बरामद किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक डेम में गिरा युवक
जानकारी के मुताबिक, रीतिक गुरुवार दोपहर बाद घुनघुट्टा डेम पहुंचा था। वहां मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि युवक ने अचानक डेम के पानी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण तत्काल उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलने के बाद दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
अंधेरा होने के कारण गुरुवार को नहीं हो सकी तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक की तलाश के प्रयास किए, लेकिन शाम होने और अंधेरा बढ़ने के कारण सर्च ऑपरेशन तत्काल शुरू नहीं किया जा सका। इसके बाद शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने डेम में कई घंटे तक तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयास के बाद दोपहर करीब एक बजे शव डेम के गेट के नजदीक से बरामद किया गया।
इंस्टाग्राम पर लगाया था ‘आशिकी-2’ का स्टेटस
घटना के बाद रीतिक के दोस्तों और परिचितों ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी खंगाली। इस दौरान सामने आया कि डेम पहुंचने से कुछ समय पहले उसने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘आशिकी-2’ से जुड़ा एक स्टेटस लगाया था। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में भी एक दृश्य ऐसा है जिसमें मुख्य किरदार पानी में छलांग लगाता है। इस वजह से इंस्टाग्राम स्टेटस चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, पुलिस के सामने अभी ऐसा कोई स्पष्ट तथ्य नहीं आया है जिससे स्टेटस और छात्र की मौत के बीच सीधा संबंध स्थापित हो सके। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पिता की पहले हो चुकी थी मौत
परिवार के मुताबिक, रीतिक के पिता लक्ष्मण साहू की कई वर्ष पहले मैनपाट क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां अपने मायके बिलासपुर चौक में रहकर काम करते हुए दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। रीतिक परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन भी है। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में अच्छा था और इसी वर्ष उसने 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद कॉलेज में दाखिला लिया था।
परिवार सदमे में, पुलिस ने शुरू की जांच
इकलौते बेटे की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसी परिस्थिति क्यों बनी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की परिस्थितियों और युवक के डेम तक पहुंचने से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Read More : CG Flood Alert: भारी बारिश-बाढ़ के बीच CM साय का बड़ा निर्देश, सभी कलेक्टरों को अलर्ट रहने कहा