Ambikapur News : दिल्ली में परीक्षा लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व अन्य सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने अंबिकापुर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा लीक के विरोध में संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस और कुछ कथित असामाजिक तत्वों ने लाठीचार्ज और पथराव किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र घायल हुए। कांग्रेस का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय की है।

कांग्रेस के अनुसार, संसद के मानसून सत्र के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की गई थी, लेकिन दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इसके बाद राहुल गांधी घायल छात्रों से मिलने अस्पताल पहुंचे और फिर कांग्रेस सांसदों के साथ प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। पार्टी का आरोप है कि धरने के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसदों को पुलिस ने बलपूर्वक हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की भी आलोचना की।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, अरविंद सिंह ‘गप्पू’, भानुप्रताप सिंह, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, मोहम्मद इस्लाम, रामविनय सिंह, जगन्नाथ कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों के साथ हुई घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग उठाई।












