SECL Amera Coal Mines : सरगुजा जिले के एसईसीएल (SECL) की अमेरा ओपन कास्ट कोल माइंस में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिलासपुर मुख्यालय से पहुंची एसईसीएल विजिलेंस टीम ने औचक जांच शुरू कर दी। खदान में कोयला चोरी, अवैध वसूली और विभिन्न स्तरों पर अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विजिलेंस की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम खदान से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से अमेरा कोल माइंस में कोयले के परिवहन, स्टॉक और संचालन से जुड़ी गड़बड़ियों की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इसके अलावा अवैध वसूली के आरोप भी लगाए जा रहे थे। इन्हीं शिकायतों के आधार पर बिलासपुर से पहुंची विजिलेंस टीम ने खदान पहुंचकर संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की है। प्रारंभिक जांच में कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और लाखों रुपये की अनियमितता सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

विजिलेंस अधिकारियों ने खदान प्रबंधन से विभिन्न दस्तावेज, रिकॉर्ड और संचालन संबंधी जानकारी मांगी है। जांच पूरी होने तक टीम मामले के प्रत्येक पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी तक विजिलेंस की ओर से किसी भी प्रकार का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वहीं, इस पूरे मामले पर एसईसीएल प्रबंधन का कहना है कि विजिलेंस टीम नियमित जांच के तहत पहुंची है। प्रबंधन के अनुसार, ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी खराबी (सिस्टम फेल) आने के कारण कुछ प्रक्रियाओं की समीक्षा की जा रही है और उसी के तहत विजिलेंस टीम निरीक्षण कर रही है। हालांकि, कोयला चोरी और अवैध वसूली की शिकायतों को लेकर चल रही जांच पर प्रबंधन ने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है।
फिलहाल विजिलेंस की जांच जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और क्या वास्तव में शिकायतों के अनुरूप किसी बड़ी वित्तीय अनियमितता का खुलासा होता है।











