Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि कूटनीति और विवाद भी अपना रंग दिखा रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। सवाल ये है कि अगर टीम इंडिया फाइनल जीतती है, तो क्या वह मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर देगी? यह बहस तब शुरू हुई जब भारत-पाक मुकाबले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ। अब खबरें हैं कि अगर भारत 28 सितंबर को होने वाले फाइनल में पहुंचता है, तो भारतीय खिलाड़ी मंच पर मोहसिन नकवी के साथ फोटो सेशन या ट्रॉफी लेने से बच सकते हैं। हैंडशेक विवाद ने बढ़ाया तनाव भारत-पाक मैच के बाद हैंडशेक नहीं होने का मुद्दा सोशल मीडिया और क्रिकेट गलियारों में जोर पकड़ चुका है। पीसीबी ने इस घटना का जिम्मेदार मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को ठहराया है और उनके खिलाफ आईसीसी में शिकायत दर्ज कर दी है। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर बयान जारी करते हुए लिखा: “पीसीबी ने आईसीसी आचार संहिता और क्रिकेट की भावना के उल्लंघन को लेकर शिकायत की है। हमने एशिया कप से मैच रेफरी को हटाने की मांग की है।” क्या भारत मंच साझा करने से करेगा इनकार? सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीआई और टीम इंडिया के बीच इस पर चर्चा चल रही है कि यदि भारत फाइनल जीतता है, तो मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेना उचित होगा या नहीं। विवाद को देखते हुए, भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी तो ले सकते हैं, लेकिन मंच पर नकवी के साथ फोटो खिंचवाने से इनकार कर सकते हैं। हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फॉर्म में है टीम इंडिया, फाइनल की प्रबल दावेदार टीम इंडिया ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। यूएई और पाकिस्तान को हराकर वह फाइनल की सबसे बड़ी दावेदार बनकर उभरी है। ऐसे में यह सवाल और बड़ा हो जाता है कि क्या खिताब जीतने के बाद कोई नया राजनीतिक या कूटनीतिक विवाद खड़ा होगा? पाकिस्तान की नाराजगी चरम पर पाकिस्तानी टीम और पीसीबी हैंडशेक विवाद के बाद से बेहद नाराज हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो पीसीबी ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की कड़ी मांग करते हुए कहा है कि उन्होंने ही दोनों टीमों को हाथ न मिलाने का निर्देश दिया था। Asia Cup 2025 का फाइनल मुकाबला भले ही अभी बाकी हो, लेकिन उससे पहले ही भारत-पाक संबंधों के साये में यह टूर्नामेंट विवादों में घिर गया है। अगर टीम इंडिया खिताब जीतती है, तो देखना होगा कि ट्रॉफी वितरण समारोह में क्या होता है – क्या मोहसिन नकवी मंच पर होंगे, और क्या टीम इंडिया उनसे ट्रॉफी लेगी? जवाब समय ही देगा, लेकिन यह तय है कि यह फाइनल सिर्फ क्रिकेट नहीं, कूटनीति की भी परीक्षा होगा। Read More: Andhra Eeconomic Loss: अमेरिकी शुल्क से अंध्रप्रदेश को ₹25,000 करोड़ का झटका, चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र से मांगी मदद














