BJP on Rahul: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने 18 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति अब निराशा और हताशा से भरी हुई है, और वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

“गलत आरोप लगाना राहुल गांधी की आदत”
अनुराग ठाकुर ने कहा कि बार-बार झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाना राहुल गांधी की पुरानी आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा, “कोर्ट से फटकार, फिर माफी और उसके बाद दोबारा वही ड्रामा। राहुल गांधी की राजनीति अब ‘हिट एंड रन’ हो गई है – कीचड़ उछालो और भाग जाओ।”

बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि जिस आलंद सीट का हवाला राहुल गांधी ने अपने आरोप में दिया, वहां 2023 में कांग्रेस ही विजयी हुई थी। उन्होंने सवाल किया कि यदि वोट डिलीट हुए होते, तो कांग्रेस वहां से कैसे जीतती?
चुनाव आयोग पर उठाए सवालों को बताया ‘प्रायोजित भ्रम’
अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग ने साफ तौर पर स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन कोई भी वोट बिना प्रक्रिया के डिलीट नहीं किया जा सकता। प्रत्येक मामले में संबंधित व्यक्ति को नोटिस और सुनवाई का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जानबूझकर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं।”
“लोकतंत्र बचाने नहीं, उसे कमजोर करने आए हैं राहुल”
बीजेपी ने राहुल गांधी पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। अनुराग ठाकुर ने कहा, “आज राहुल गांधी खुद कह रहे हैं कि वह लोकतंत्र बचाने नहीं आए हैं। तो क्या वह उसे कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं?” उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव आयोग के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया और कहा कि पहले कांग्रेस सरकारों ने आयोग को अपने लाभ के लिए इस्तेमाल किया था।
“बांग्लादेश-नेपाल जैसी स्थिति बनाना चाहते हैं?”
राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “वो धमाका करने आए थे, लेकिन ड्रामा करके चले गए। धमाका इनके बस की बात नहीं है, सिर्फ ड्रामा करना जानते हैं।” उन्होंने यहां तक कह दिया कि राहुल गांधी बांग्लादेश और नेपाल जैसी स्थिति भारत में बनाना चाहते हैं और घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी के आरोपों के बाद जहां चुनाव आयोग ने तकनीकी और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देकर जवाब दिया, वहीं बीजेपी ने इसे एक “राजनीतिक नौटंकी” करार दिया। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस के नेता चुनावों में हार की बौखलाहट में देश की संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं।
Read More : Election Commission : राहुल गांधी के आरोप पर चुनाव आयोग का पलटवार, वोट डिलीट मामले में दी सफाई










