Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ की सियासत में गर्मी उस समय और बढ़ गई जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एक कार्टून पोस्टर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया। इस पोस्टर में कांग्रेस नेता सचिन पायलट, भूपेश बघेल और दीपक बैज नजर आ रहे हैं। पायलट गुस्से में दिखाई दे रहे हैं और भूपेश व बैज के माथे पर पसीना साफ दिखाया गया है।

भीड़ नहीं जुटने पर भाजपा का तंज
बीजेपी ने इस कार्टून के जरिए कांग्रेस की रैली में कम भीड़ को लेकर तंज कसते हुए लिखा: “छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मची रार, कांग्रेस की रैली में रुपए बांटने के बाद भी नहीं जुट रही भीड़।” कार्टून में सचिन पायलट कहते हुए दिख रहे हैं: “इतना पैसा दबाकर बैठे हो, भीड़ कैसे नहीं आई?” वहीं, पीछे की पृष्ठभूमि में लिखा गया है: “कांग्रेस की रैली में नहीं आई भीड़” जिससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि भाजपा कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और जनसमर्थन की स्थिति पर सवाल उठा रही है।

रैली में पैसे बांटने का आरोप
बीजेपी यहीं नहीं रुकी। इससे पहले 18 सितंबर को भी भाजपा ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें कांग्रेस पर पैसे देकर रैली में भीड़ जुटाने का आरोप लगाया गया था। वीडियो में दावा किया गया कि यह कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली के दौरान का दृश्य है, जहां रुपयों का वितरण करके भीड़ बुलाई जा रही थी। बीजेपी ने इस वीडियो के जरिए कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि “जन समर्थन खो चुकी कांग्रेस अब पैसों के बल पर भीड़ इकट्ठा कर रही है।”
कांग्रेस की रणनीति पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद कांग्रेस की रणनीति और नेतृत्व को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। सचिन पायलट जैसे राष्ट्रीय नेता की मौजूदगी के बावजूद भीड़ न जुट पाने को भाजपा कांग्रेस की कमजोरी के रूप में दिखा रही है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को अपनी रैली के लिए लोग नहीं मिल रहे तो रूपए देकर रैली में भीड़ बुला रही, शमर्नाक! pic.twitter.com/AYx3gnxvLl
— BJP Chhattisgarh (@BJP4CGState) September 18, 2025
भाजपा का सोशल मीडिया वार तेज
छत्तीसगढ़ में चुनावी माहौल बनते ही बीजेपी ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पर तीखा हमला तेज कर दिया है। कार्टून और वीडियो जैसे कंटेंट के माध्यम से भाजपा एक तरफ जहां कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता के बीच राजनीतिक संदेश देने का प्रयास भी कर रही है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की रैली में कम भीड़ और कथित नकद वितरण को लेकर भाजपा ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाया है। कार्टून पोस्टर से लेकर वीडियो हमले तक, भाजपा ने साफ संकेत दे दिया है कि आगामी चुनावों में वह कांग्रेस की हर कमजोरी को जनता के सामने उजागर करने के लिए सोशल मीडिया युद्ध को हथियार बनाएगी। कांग्रेस की तरफ से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन आने वाले दिनों में यह सियासी जंग और तेज होने की संभावना है।










