Congress Protest : छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने बुधवार को अंबिकापुर के घड़ी चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे आम जनता, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला फैसला बताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के क्रमिक आंदोलन के तहत आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की है और अब तक कुल 1.30 रुपये प्रति यूनिट की बढ़ोतरी कर चुकी है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल हाफ जैसी लोककल्याणकारी योजना को समाप्त कर जनता पर अतिरिक्त भार डाला गया है, जबकि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी सरकार सफल नहीं रही।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में वृद्धि से आम लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 18 जून को पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव राजीव भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता करेंगे। इसी दिन नमना स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा, जिसमें जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











