Dharmendra Health: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत में अब सुधार है। पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी, जिससे परिवार और प्रशंसक दोनों ही चिंतित थे। हालांकि अब राहत की खबर सामने आई है कि धरम पाजी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, धर्मेंद्र को बुधवार सुबह 7 बजे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दी गई। उन्हें एम्बुलेंस के जरिए घर लाया गया, जबकि उनके बेटे बॉबी देओल एम्बुलेंस के पीछे अपनी गाड़ी में सवार होकर पहुंचे। अभिनेता के घर पहुंचने के बाद अस्पताल के बाहर की बैरिकेडिंग हटा दी गई।
Dharmendra Health : तीन-चार दिनों से नाजुक थी सेहत
जानकारी के मुताबिक, पिछले तीन से चार दिनों से धर्मेंद्र की तबीयत ठीक नहीं थी। उम्र संबंधी परेशानियों के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहा। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनकी हालत अब स्थिर है और डॉक्टरों ने उन्हें घर पर विश्राम करने की सलाह दी है। अब उनका आगे का इलाज घर पर ही चलेगा।
Dharmendra Health: फैन्स और परिवार में थी चिंता का माहौल
धरम पाजी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई थी। सोशल मीडिया पर लोग लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे थे। अस्पताल में भी पिछले दो दिनों से बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ का जमावड़ा लगा हुआ था। कई नामचीन हस्तियां जैसे शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान, गोविंदा आदि धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे। हालांकि, चूंकि अभिनेता को आईसीयू में रखा गया था, इसलिए सभी को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई।
परिवार लगातार रहा साथ
इस पूरे दौरान धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल और बॉबी देओल लगातार अस्पताल में मौजूद रहे। दोनों भाइयों ने ही मीडिया और फैन्स को अपने पिता की तबीयत को लेकर अपडेट दिया। सनी देओल ने कहा था कि डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख में है और वे जल्द ठीक होकर घर लौटेंगे। उनके शब्द सच साबित हुए, और अब धरम पाजी अपने घर पहुंच चुके हैं।
फर्जी खबरों पर ईशा देओल और हेमा मालिनी ने जताई नाराजगी
इस बीच सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर कई अफवाहें फैलने लगीं। कुछ यूज़र्स ने तो उनके निधन की फर्जी खबरें भी पोस्ट कर दीं। इन अफवाहों पर धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने नाराजगी जताते हुए ऐसे यूज़र्स को फटकार लगाई। ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर लिखा था “कृपया ऐसी गलत खबरें फैलाना बंद करें। पापा ठीक हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।”अब जब धर्मेंद्र घर लौट आए हैं, तो इन सभी अफवाहों पर विराम लग गया है।
फैन्स ने जताई खुशी, सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़
धरम पाजी के घर लौटने की खबर से उनके फैंस बेहद खुश हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके लिए ‘Welcome Home Dharam Paji’ और ‘Get Well Soon Legend’ जैसे हैशटैग के साथ शुभकामनाएं दे रहे हैं। कई प्रशंसकों ने पुराने वीडियो और फिल्मों के क्लिप शेयर करते हुए लिखा कि वे अपने चहेते स्टार को जल्द फिर से पर्दे पर देखना चाहते हैं।
जल्द करेंगे सोशल मीडिया पर वापसी
धर्मेंद्र सोशल मीडिया पर अपने मजेदार वीडियो और शायरी भरे अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं। उनके फैंस अब उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वे जल्द ही अपने चिर-परिचित अंदाज़ में सोशल मीडिया पर लौटेंगे और फैंस के साथ फिर जुड़ेंगे।बॉलीवुड के सबसे प्रिय कलाकारों में से एक धर्मेंद्र के अस्पताल से डिस्चार्ज होने की खबर ने सभी को राहत दी है।
अब वे घर पर आराम कर रहे हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहेगा। परिवार, प्रशंसक और फिल्म इंडस्ट्री के लोग उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। धरम पाजी की मुस्कान और ऊर्जा एक बार फिर सभी के बीच लौटेगी — यही उम्मीद हर किसी की है।