Ambikapur News : गांधी स्टेडियम में चल रही संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और गोल दागने का जुनून देखने लायक रहा। ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर और सरगुजा 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर सुपर लीग की शुरुआत जीत के साथ की।

दिन का पहला मैच ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर और न्यू फुटबॉल क्लब जामदोहर के बीच खेला गया। शुरुआती मिनट से ही ट्राइबल टाइगर ने अपने नाम के अनुरूप आक्रामक खेल दिखाया और महज 5वें मिनट में पहला गोल दागकर बढ़त बना ली। हालांकि, जामदोहर की टीम को जल्द ही पेनाल्टी मिली, जिसे गोल में तब्दील कर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। लेकिन दूसरे हाफ में ट्राइबल टाइगर ने तालमेल बिठाते हुए लगातार तीन गोल दागे और मुकाबले को 4-1 से अपने नाम कर लिया।

दूसरा मैच सरगुजा 11 और बॉयज क्लब भटगांव के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमें छोटे-छोटे पास के जरिए गोल करने का प्रयास करती रहीं, मगर सफलता सरगुजा 11 को मिली। टीम के खिलाड़ी नील भूषण ने शानदार गोल कर 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में भी सरगुजा 11 ने दबदबा बनाए रखा और नितेश व नील भूषण ने एक-एक गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। इस जीत के साथ सरगुजा 11 ने सुपर लीग का पहला मैच जीत लिया।
आज के मैच का संचालन निर्णायक मंडल के रूप में दिनेश तिर्की, विल्सन कुजूर, आयुष, अंकुश, अनुप्रास, अखिलानंद, कमलेश्वर और दीपक कुजूर ने किया। आज के मैच में मुख्य अतिथि के रूप में फ्रूट्स थोक विक्रेता संघ के सचिव जितेंद्र गुप्ता और जय माता दी मेडिकल स्टोर के संचालक उपेंद्र गुप्ता मौजूद रहे।
कल यानी 24 सितंबर को पहला मुकाबला बॉयज क्लब भटगांव और रेलवे करंजी के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच न्यू फुटबॉल क्लब जामदोहर और फाइटर क्लब मेंडराखुर्द के बीच खेला जाएगा।











