Gurugram Traffic Jam: हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासतौर पर गुरुग्राम में हालात बेहद चिंताजनक हैं। भारी बारिश के चलते सोमवार को शहर के कई हिस्सों में 20 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जलभराव, सीवेज ओवरफ्लो और खराब ट्रैफिक मैनेजमेंट ने सरकार की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है।

बारिश के चलते शहर की सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे लोग घंटों तक फंसे रहे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे वाहन पानी में रेंग रहे हैं और आम लोग परेशान हैं।

रणदीप सुरजेवाला का सरकार पर निशाना
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए राज्य सरकार और गुरुग्राम नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “गुरुग्राम में लगातार 2 घंटे की बारिश के बाद 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। यह भाजपा के ‘ट्रिपल इंजन’ मॉडल की असलियत है – केंद्र सरकार, राज्य सरकार और नगर निगम तीनों असफल हैं।” उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि सीएम सिर्फ हेलीकॉप्टर से यात्रा करते हैं, इसलिए उन्हें ज़मीनी हकीकत का अंदाजा नहीं है।
जिला प्रशासन ने 2 सितंबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की
गुरुग्राम जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए 2 सितंबर, मंगलवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। इसके अलावा स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आईटी और कॉर्पोरेट कंपनियों से भी वर्क फ्रॉम होम देने का अनुरोध किया है, ताकि ट्रैफिक दबाव कम हो और लोग सुरक्षित रहें।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2 सितंबर के लिए गुरुग्राम सहित हरियाणा के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश, बिजली गिरने और जलभराव की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सतर्क रहें।
करोड़ों के प्रोजेक्ट फेल?
गौरतलब है कि गुरुग्राम में जल निकासी और ट्रैफिक सुधार को लेकर पिछले कुछ वर्षों में करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। बावजूद इसके बारिश के साथ ही शहर की सड़कें तालाब बन जाती हैं और ट्रैफिक ठप हो जाता है।
गुरुग्राम जैसे मिलेनियम सिटी में भारी बारिश के बाद हालात जिस तरह से बिगड़े हैं, वह शहरी विकास और इन्फ्रास्ट्रक्चर की तैयारियों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। आने वाले दिनों में बारिश और तेज हो सकती है, ऐसे में प्रशासन और सरकार को समय रहते ठोस कदम उठाने होंगे।
Read More : Asia Cup 2025 Hockey: भारतीय हॉकी टीम की तीसरी बड़ी जीत, कजाखस्तान को 15-0 से रौंदा










