Minor Kills Beggar: महाराष्ट्र के नासिक से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़के ने सड़क किनारे बैठे एक भिखारी की बेरहमी से हत्या कर दी, और फिर शव के पास खड़े होकर डांस करने लगा। यह विचलित कर देने वाली घटना नासिक के त्र्यंबक नाका इलाके में हुई, और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामूली शक बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, यह वारदात उस समय हुई जब नाबालिग लड़का अपनी बालिग प्रेमिका के साथ ठक्कर बाजार के पास एक होटल के बाहर खड़ा था। पास में ही एक भिखारी बैठा हुआ था। इसी दौरान लड़की पानी की बोतल लेने गई। तभी लड़के को संदेह हुआ कि भिखारी उसकी प्रेमिका को घूर रहा है या छेड़ रहा है।
गुस्से से बेकाबू हुए नाबालिग ने पास में पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और भिखारी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। भिखारी की मौके पर ही मौत हो गई। लेकिन इस खौफनाक घटना के बाद लड़के का जो व्यवहार सामने आया, वह और भी ज्यादा हैरान कर देने वाला था।
लाश के पास खड़े होकर किया डांस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हत्या के बाद नाबालिग शव के पास खड़ा होकर नाचने लगा। यह दृश्य देख लोग हैरान रह गए। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। लड़की जब वापस पानी लेकर लौटी, तो उसने ये मंजर देखा और तुरंत लोगों को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
नासिक पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में लड़का बार-बार यही कह रहा है कि उसने अपनी प्रेमिका की रक्षा के लिए ऐसा किया। हालांकि, पुलिस इसे मानसिक असंतुलन का मामला मान रही है और मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही है।
मृतक भिखारी की अब तक पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने आरोपी को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ जारी है। उसकी मानसिक स्थिति का भी मूल्यांकन कराया जाएगा। मामला संवेदनशील है और सभी कोणों से जांच की जा रही है।”
यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती असहिष्णुता और मानसिक असंतुलन की गहरी तस्वीर भी पेश करती है। जिस तरह से एक मामूली शक पर एक जिंदगी छीन ली गई और फिर शव के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, वह चिंता का विषय है। पुलिस की जांच से इस केस में और भी कई चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है।


















