iPhone Air: iPhone 17 सीरीज को 9 सितंबर को लॉन्च किया गया था और 19 सितंबर से यह बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध हो गई है। नए फोन की डिलीवरी शुरू होते ही यूजर्स ने अपने अनुभव शेयर करना शुरू कर दिए हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने iPhone Air मॉडल के कैमरे में एक तकनीकी समस्या की शिकायत की है, जिसे ऐप्पल ने भी स्वीकार कर लिया है।

कैमरा में क्या समस्या आई सामने?
iPhone Air के कैमरे में एक बग सामने आया है, जो खास तौर पर फोटो क्लिक करते वक्त दिखाई दे रहा है। एक टेक जर्नलिस्ट ने जब iPhone Air का रिव्यू किया, तब उन्होंने इस समस्या का पता लगाया। उन्होंने बताया कि जब LED डिस्प्ले या कॉन्सर्ट जैसी विशेष परिस्थितियों में फोटो ली जाती है, तो लगभग हर दस में से एक फोटो में कुछ हिस्सा काला या डिब्बे नजर आते हैं। साथ ही कुछ तस्वीरों में सफेद लकीरें भी दिखाई देती हैं।

यह समस्या खासकर उन तस्वीरों में ज्यादा देखने को मिल रही है, जिनमें LED लाइटिंग या स्क्रीन की रौशनी होती है। हालांकि, यह बग हर स्थिति में नहीं आता, बल्कि कुछ खास लाइटिंग कंडीशंस में ही यह समस्या सामने आ रही है।
ऐप्पल ने की पुष्टि, जल्द आएगा फिक्स
इस कैमरा बग को लेकर जब ऐप्पल से सवाल किए गए तो कंपनी ने इसे स्वीकार किया। ऐप्पल ने कहा कि यह एक सॉफ्टवेयर से जुड़ी समस्या है और केवल कुछ विशेष प्रकाश परिस्थितियों में ही यह प्रभाव दिखता है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि इस बग को जल्द ही सॉफ़्टवेयर अपडेट के जरिए ठीक कर दिया जाएगा। हालांकि, ऐप्पल ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह अपडेट कब जारी किया जाएगा।
iPhone Air: ऐप्पल का सबसे पतला स्मार्टफोन
iPhone 17 सीरीज के तहत ऐप्पल ने iPhone Air को पेश किया है, जो इस सीरीज का सबसे पतला मॉडल है। इसकी मोटाई सिर्फ 5.6 मिलीमीटर है, जो इसे ऐप्पल का अब तक का सबसे स्लिम फोन बनाता है। इसमें 6.5 इंच की प्रोमोशन टेक्नोलॉजी वाली स्क्रीन दी गई है, जो बेहतर डिस्प्ले अनुभव प्रदान करती है।
iPhone Air के रियर में 48 मेगापिक्सल का सिंगल कैमरा लगा है, जबकि फ्रंट कैमरा 18 मेगापिक्सल का सेंटर स्टेज कैमरा है, जो वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए उपयुक्त है। फोन में A19 Pro चिपसेट दिया गया है, जो इसे हाई-परफॉर्मेंस स्मार्टफोन बनाता है।
भारत में iPhone Air की शुरुआती कीमत ₹1,19,900 रखी गई है।
क्या करें अगर आपके फोन में भी आ रही है यह समस्या?
अगर आपके iPhone Air के कैमरे में भी यह बग आ रहा है, तो फिलहाल इसका कोई स्थायी समाधान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आप ऐप्पल के आधिकारिक अपडेट का इंतजार करें। साथ ही आप ऐप्पल के कस्टमर सपोर्ट से संपर्क कर सकते हैं ताकि वे आपको किसी अस्थायी उपाय या सलाह दे सकें।
iPhone Air की कैमरा समस्या ऐप्पल के लिए चुनौती हो सकती है, लेकिन कंपनी की प्रतिक्रिया और जल्द फिक्स की घोषणा से यूजर्स को राहत मिली है। यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाले सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ यह बग दूर हो जाएगा और यूजर्स बिना किसी परेशानी के अपने नए iPhone का उपयोग कर सकेंगे।










