Janjgir Champa Custodial Death: जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना में हिरासत के दौरान शिव सहिस की मौत के मामले में शुक्रवार को तनावपूर्ण स्थिति के बीच परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस और प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद परिवार शव लेने के लिए तैयार हुआ। मामले में पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव और एएसआई बाबू लाल दिनकर को थाने से हटा दिया है। सारागांव थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेंडे को चांपा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अवैध शराब के मामले में पुलिस ने लिया था हिरासत में
जानकारी के मुताबिक, चांपा थाना क्षेत्र के मेहंदी पारा में कथित अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस ने बुधवार दोपहर शिव सहिस को हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, उसे रातभर थाने में रखा गया। अगले दिन सुबह पुलिस की ओर से परिजनों को उसकी तबीयत खराब होने और जिला अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना दी गई। परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां शिव सहिस की मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने पुलिस प्रताड़ना का लगाया आरोप
शिव सहिस की मौत के बाद उसके परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिवार का कहना था कि हिरासत के दौरान कथित पुलिस प्रताड़ना के कारण उसकी मौत हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में परिजनों और समर्थकों ने चांपा थाना पहुंचकर घेराव किया। परिवार ने मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ मृतक की पत्नी को उचित आर्थिक मुआवजा देने और बच्चों की जिम्मेदारी उठाने की मांग की।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। गुरुवार को चांपा के सीजीएम भी थाने पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। शव के पोस्टमार्टम को लेकर परिवार के साथ चर्चा की गई। इसके बाद जांच अधिकारी के साथ परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
मुआवजे की मांग को लेकर रातभर धरना
पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद भी परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया। परिजन मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। गुरुवार देर रात तक पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ परिवार की बातचीत चलती रही। आखिरकार लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने शव लेने और शुक्रवार को अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई।
लिखित आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार
पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद शुक्रवार को मृतक शिव सहिस का अंतिम संस्कार मुक्तिधाम में किया गया। अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले की न्यायिक जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।
न्यायिक जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
उप पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क ने बताया कि मामले में न्यायिक जांच शुरू हो चुकी है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई भी की है। थाना प्रभारी और एएसआई को हटाने का निर्णय इसी क्रम में लिया गया है।
पत्नी को आर्थिक मदद और बच्चों की पढ़ाई का भरोसा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए मृतक की पत्नी को हर महीने आर्थिक सहायता देने का लिखित आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा शिव सहिस के पांच बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में मदद करने की बात भी परिवार को लिखित रूप से बताई गई है। विभाग की ओर से दिए गए दस्तावेज की वैधता को लेकर संबंधित स्तर पर पत्राचार किया जा रहा है।
मृतक की पत्नी को नौकरी दिलाने की भी कोशिश
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पत्नी को किसी निजी कंपनी में रोजगार दिलाने के विकल्प पर भी बातचीत की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की ओर से परिवार को तत्काल राहत देने के साथ भविष्य में आर्थिक सहारा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, हिरासत में हुई मौत की वास्तविक परिस्थितियां न्यायिक जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
Read More :Chhattisgarh PWD Action: अरुण साव का सख्त एक्शन, 6 ठेकेदार ब्लैकलिस्ट; समय पर काम नहीं तो अधिकारियों पर कार्रवाई