Legends League 2025 : लीजेंड्स लीग क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को 9 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान को भले ही वॉकओवर के जरिए ‘फ्री’ में फाइनल का टिकट मिल गया हो, लेकिन खिताबी जंग में उन्हें एबी डिविलियर्स की आग उगलती बल्लेबाजी के सामने घुटने टेकने पड़े। डिविलियर्स ने 47 गेंदों में तूफानी शतक जड़ा और टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

पाकिस्तान की दमदार शुरुआत
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने 195 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज़ शरजील खान ने 44 गेंदों में 76 रन ठोके, जबकि उमर अमीन ने 19 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए। टीम की बल्लेबाज़ी में आक्रामकता साफ नज़र आई, लेकिन गेंदबाज़ी में वही धार नहीं दिखी, जो एक फाइनल मुकाबले में ज़रूरी होती है।

शुरुआत से ही हावी रहा अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका ने जवाब में बेहद तेज़ी से रन बनाने शुरू कर दिए। पहले छह ओवरों में ही टीम ने 72 रन ठोक डाले। हालांकि हाशिम अमला 18 रन पर सईद अजमल का शिकार बन गए, लेकिन डिविलियर्स की पारी ने मैच की दिशा ही मोड़ दी। उनके साथ जेपी डुमिनी ने भी शानदार 28 गेंदों पर नाबाद 50 रन की पारी खेली।
डिविलियर्स की शानदार शतकीय पारी
एबी डिविलियर्स ने फाइनल में 60 गेंदों पर नाबाद 120 रन की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनकी इस विस्फोटक पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने 19 गेंद शेष रहते ही मैच जीत लिया। उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
डिविलियर्स का सीज़न शानदार
लीजेंड्स लीग 2025 में डिविलियर्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने 41 गेंदों में शतक ठोका था और 51 गेंदों पर 116 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। उनका यह प्रदर्शन साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है और उनमें अभी भी मैच जिताने की ताकत बाकी है।
रैना और युवराज की प्रतिक्रिया
डिविलियर्स की इस पारी पर भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने प्रतिक्रिया दी और कहा, “डिविलियर्स ने पाकिस्तान को धूल चटा दी। अगर हम खेलते तो उन्हें हराते।” गौरतलब है कि भारत ने पाकिस्तान के साथ सेमीफाइनल खेलने से इनकार कर दिया था। युवराज सिंह ने स्पष्ट कहा था कि “आतंकवाद और खेल साथ-साथ नहीं चल सकते।” पहलगांव की घटना के बाद भारत ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था, जिससे पाकिस्तान को वॉकओवर मिला। लेकिन फाइनल में डिविलियर्स के तूफान ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।










