Manendragarh Road Accident : छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। नेशनल हाईवे-43 पर इमली गोलाई के पास ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक और एक युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरी युवती ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल से घर लौटते समय ट्रक की चपेट में आई बाइक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दो युवतियां और एक युवक बाइक पर सवार होकर अस्पताल से इलाज कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत इमली गोलाई के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक और एक युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

गंभीर घायल युवती को अंबिकापुर किया गया रेफर
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

भवन सिंह, भूमिका और प्रमिला के रूप में हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नगोई निवासी भवन सिंह (27), बरबसपुर निवासी भूमिका (18) और नगोई निवासी प्रमिला (20) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
मध्य प्रदेश में अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत
इधर मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी सड़क दुर्घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। सतना और विदिशा में हुए दो अलग-अलग हादसों में कुल पांच लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। दुर्घटनाओं के बाद घटनास्थलों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

सतना में कार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा
पहली दुर्घटना सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास हुई। यहां तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे में बिजली का पोल भी टूट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
विदिशा में गंगा पूजन से लौट रहे दो युवकों की मौत
दूसरा हादसा विदिशा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ग्राम हिरनई के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, दीपक और मनोज कुशवाह अपने रिश्तेदार के यहां गंगा पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा और दीपक तथा मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे बाइक सवार को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

