Chhattisgarh Paddy Procurement : छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। लेकिन सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला जनपद क्षेत्र में स्थित धनीगांव का नवीन धान खरीदी केंद्र अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इसका सीधा असर आसपास के 11 गांवों के लगभग 400 किसानों पर पड़ रहा है। किसानों को समझ नहीं आ रहा है कि वे अपनी उपज लेकर कहां जाएं और समय पर धान की बिक्री कैसे करें।
सरकारी जमीन पर कब्जे से अटका धान खरीदी केंद्र
ग्रामीणों के अनुसार, नवीन धान खरीदी केंद्र स्थापित करने के लिए ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव पारित किया था। इसके तहत खसरा नंबर 53/1 की लगभग 3.38 एकड़ शासकीय जमीन आवंटित की गई थी। इस केंद्र के शुरू होने से तीन ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 11 गांवों के किसानों को सुविधा मिलनी थी। उन्हें धान बेचने के लिए दूर-दराज के खरीदी केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता।हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि प्रस्तावित सरकारी जमीन पर पूर्व सरपंच के ससुर और भूतपूर्व सरपंच के पिता ने अवैध कब्जा कर ढाबा संचालित कर रखा है। इसी अतिक्रमण के कारण खरीदी केंद्र के निर्माण और संचालन का काम लंबे समय से अटका हुआ है।

तहसील न्यायालय ने जारी किया बेदखली का अंतिम आदेश
इस मामले में प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद जमीन खाली नहीं होने पर तहसील न्यायालय ने 12 नवंबर 2026 को बेदखली का अंतिम आदेश जारी किया। इसके बाद बुधवार को बरमकेला तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों को उम्मीद थी कि प्रशासन अब सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराकर खरीदी केंद्र शुरू करने का रास्ता साफ करेगा।

राजनीतिक विरोध के कारण कार्रवाई रुकने का आरोप
ग्रामीणों और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और प्रशासन पर दबाव बनाया। इसके चलते जमीन से कब्जा हटाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। किसानों का दावा है कि प्रशासन ने केवल कागजों में ढाबे को सील करने की औपचारिकता पूरी की, जबकि मौके पर कब्जा बरकरार है और ढाबे का संचालन भी जारी है।
धान खरीदी शुरू, किसान पूछ रहे अपनी उपज कहां बेचें?
15 नवंबर से सरकारी धान खरीदी शुरू होने के बाद किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है। खेतों में धान तैयार है और किसान अपनी उपज बेचने के लिए खरीदी केंद्र खुलने का इंतजार कर रहे हैं। धनीगांव केंद्र बंद होने से करीब 400 किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें दूसरे केंद्रों तक जाने में अतिरिक्त समय और परिवहन खर्च उठाना पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खसरा नंबर 53/1 की सरकारी जमीन को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही धनीगांव में नवीन धान खरीदी केंद्र तत्काल शुरू किया जाए। उनका कहना है कि केवल कागजी कार्रवाई करने से समस्या हल नहीं होगी, बल्कि मौके पर वास्तविक कार्रवाई जरूरी है।
तहसीलदार बोले- अपील के निराकरण के बाद हटेगा कब्जा
मामले में बरमकेला तहसीलदार विवेक पटेल ने बताया कि कब्जाधारी की ओर से एक सप्ताह का समय मांगते हुए आवेदन दिया गया है। एसडीएम न्यायालय में अपील का निराकरण होने के बाद नियमानुसार कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसानों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई और धनीगांव धान खरीदी केंद्र शुरू होने पर टिकी हुई है।

