NEET PG 2026 Seat Matrix : नीट पीजी 2026 काउंसलिंग का इंतजार कर रहे मेडिकल उम्मीदवारों के लिए अहम खबर सामने आई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से पीजी मेडिकल पाठ्यक्रमों के लिए सीट मैट्रिक्स जारी कर दी गई है। नई सीट मैट्रिक्स के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 में एमडी, एमएस और अन्य पीजी मेडिकल कार्यक्रमों में उपलब्ध सीटों की संख्या करीब 58 हजार पहुंच गई है।
पिछले साल के मुकाबले करीब 11 प्रतिशत बढ़ीं सीटें
नई सीटों की तुलना पिछले साल से करें तो इस बार मेडिकल पीजी सीटों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2025 में एमडी-एमएस और अन्य पीजी पाठ्यक्रमों के लिए कुल 52,173 सीटें उपलब्ध थीं। अब यह संख्या बढ़कर करीब 58,000 हो गई है। यानी कुल सीटों में लगभग 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सीटों में यह विस्तार सरकारी, निजी और डीम्ड मेडिकल संस्थानों में देखने को मिला है।
प्राइवेट और डीम्ड संस्थानों में ज्यादा विस्तार
सीट मैट्रिक्स के आंकड़ों के मुताबिक निजी और डीम्ड विश्वविद्यालयों में पीजी मेडिकल सीटों की संख्या में करीब 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या लगभग 10 प्रतिशत बढ़ाई गई है। इससे नीट पीजी के जरिए विशेषज्ञता हासिल करने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध विकल्पों में विस्तार हुआ है।
एनेस्थीसिया और मेडिसिन में सबसे ज्यादा सरकारी सीटें
सरकारी मेडिकल कॉलेजों की विशेषज्ञता के हिसाब से सीटों पर नजर डालें तो एनेस्थिसियोलॉजी में 3,205 सीटें उपलब्ध हैं। जनरल मेडिसिन में 3,201 और जनरल सर्जरी में 2,805 सीटें हैं। इसके अलावा ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (OBG) में 2,635, पीडियाट्रिक्स में 2,176 और पैथोलॉजी में 1,833 सीटें शामिल हैं।
इन विशेषज्ञताओं में भी बढ़ी सीटों की संख्या
सरकारी संस्थानों की सीट मैट्रिक्स में ऑर्थोपेडिक्स की 1,603, ऑप्थेल्मोलॉजी की 1,223 और कम्युनिटी मेडिसिन की 1,192 सीटें दर्ज हैं। वहीं रेडियो डायग्नोसिस में 1,182 सीटें उपलब्ध हैं। नई सीट मैट्रिक्स में एनेस्थीसिया, ऑप्थेल्मोलॉजी, ईएनटी, पैथोलॉजी, साइकियाट्री और रेस्पिरेटरी मेडिसिन जैसे प्रमुख विशेषज्ञता वाले पाठ्यक्रमों में भी विस्तार किया गया है।
NMC ने सीट मैट्रिक्स में बदलाव की संभावना बताई
सीट मैट्रिक्स जारी करते समय NMC ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर इसमें संशोधन किया जा सकता है। मौजूदा सूची में उन अतिरिक्त सीटों को शामिल नहीं किया गया है, जिनके लिए मेडिकल कॉलेजों ने आवेदन किया है। पीजी सीटें बढ़ाने या नए पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने से संबंधित जिन प्रस्तावों को बाद में मंजूरी मिलेगी, उन्हें संशोधित सीट मैट्रिक्स में जोड़ा जा सकता है।
मेडिकल कॉलेजों को केवल स्वीकृत सीटों पर प्रवेश का निर्देश
NMC ने मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिया है कि दाखिला केवल स्वीकृत सीटों की संख्या के आधार पर ही दिया जाए। काउंसलिंग के दौरान सीट मैट्रिक्स में किसी तरह की विसंगति सामने आने पर मामला मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) के समक्ष भेजा जा सकता है। इसलिए उम्मीदवारों को चॉइस फिलिंग से पहले उपलब्ध सीटों और संबंधित कॉलेज की मान्यता की जानकारी जांचने की सलाह दी जाती है।
PwBD उम्मीदवारों के लिए 1 अक्टूबर से प्रक्रिया शुरू
नीट पीजी काउंसलिंग में दिव्यांग यानी PwBD उम्मीदवारों के लिए राउंड-1 की प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार MCC की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in के माध्यम से रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग कर सकेंगे। प्राथमिक मेडिकल असेसमेंट बोर्ड की प्रक्रिया 1 अक्टूबर शाम 5 बजे से 9 अक्टूबर तक चलेगी। वहीं अपीलीय मेडिकल बोर्ड में अपील के लिए प्रक्रिया 5 अक्टूबर सुबह 10 बजे से 12 अक्टूबर शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
उम्मीदवारों को अपडेटेड सीट मैट्रिक्स देखने की सलाह
NEET PG 2026 काउंसलिंग में सीटों की संख्या बढ़ने से उम्मीदवारों को विशेषज्ञता और कॉलेज चुनने के लिए अधिक विकल्प मिल सकते हैं। हालांकि सीट मैट्रिक्स में संभावित बदलाव को देखते हुए उम्मीदवारों को MCC और NMC की ओर से जारी होने वाले अपडेट पर नजर रखनी चाहिए। चॉइस लॉक करने से पहले सीट, कॉलेज और पाठ्यक्रम से जुड़ी आधिकारिक जानकारी की दोबारा पुष्टि करना जरूरी होगा।
Read More : INDIA Alliance : राहुल के नेतृत्व पर शिवराज का दावा, बोले- अखिलेश समेत सहयोगी उन्हें नेता नहीं मानते