PM Modi Letter to CM Sai : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आत्मीय पत्र लिखकर प्रदेश के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के साथ पुराने संबंधों, सांस्कृतिक विरासत, नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता और विकास योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था राज्य का गठन
प्रधानमंत्री ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में 26 वर्ष पहले छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। इससे प्रदेशवासियों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाएं पूरी हुईं। उन्होंने बताया कि संगठन के दिनों से ही उनका छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव रहा है। सरगुजा के वनांचलों से लेकर बस्तर तक की यात्राओं ने उन्हें यहां की संस्कृति और जनजीवन को समझने का अवसर दिया।

नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास की नई शुरुआत
मोदी ने कहा कि कभी नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाने वाले क्षेत्र अब शांति और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन इस परिवर्तन के प्रतीक हैं। नियद नेल्ला नार, आजीविका उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर जैसी पहलें स्थानीय लोगों को सुविधाएं और नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी को मिली नई गति
प्रधानमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं शुरू हुई हैं। प्रदेश में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क विकसित हुआ है। रायपुर-बिलासपुर सड़क मार्ग पर यात्रा का समय भी लगभग आधा हुआ है। निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे राज्य को प्रमुख आर्थिक केंद्रों से जोड़कर उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देंगे।
गरीब परिवारों को राशन, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ
पत्र में प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 22 लाख से अधिक पक्के मकानों का निर्माण पूरा हुआ है। 41 लाख से ज्यादा ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचा है, जबकि करीब 40 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन मिले हैं। लगभग ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

किसानों और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
मोदी ने कहा कि धान खरीदी की व्यवस्था से 25 लाख से अधिक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि 68 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये भेजे जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के अनुसार, इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है।
शिक्षा, कौशल और तकनीक से युवाओं के लिए नए अवसर
प्रधानमंत्री ने एम्स, आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी और निफ्ट जैसे संस्थानों को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। पीएम-सेतु और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने नवा रायपुर में तकनीकी परियोजनाओं, इंडिया AI मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन से जुड़ी संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
सांस्कृतिक विरासत और विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मोदी ने छत्तीसगढ़ को प्रभु राम का ननिहाल और संत गुरु घासीदास की जन्मभूमि बताते हुए तीजन बाई की पंडवानी, लोककलाओं और जनजातीय परंपराओं को प्रदेश की अमूल्य धरोहर बताया। पत्र के अंत में उन्होंने कहा कि ‘अंजोर विजन’ विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएगा। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेशवासियों को एक बार फिर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।


