PM Modi Chhattisgarh Visit: छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना को 25 साल पूरे होने पर रजत जयंती वर्ष का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी रायपुर का दौरा करेंगे और राज्योत्सव के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्य सरकार ने पीएम मोदी के आगमन की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। मुख्यमंत्री विश्नुदेव साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और विकास का अवसर होगा, जहां प्रधानमंत्री की मौजूदगी में कई नई योजनाओं की सौगात मिलेगी।

नवा रायपुर में नए विधानसभा भवन का शिलान्यास
बीजेपी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी नवा रायपुर में बनने वाले नए विधानसभा परिसर का शिलान्यास करेंगे। यह भवन न केवल आधुनिक तकनीक से लैस होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और विरासत की झलक भी प्रस्तुत करेगा। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर के रूप में जाना जाएगा।

कमिश्नरेट कार्यालय का उद्घाटन और विकास योजनाएं
पीएम मोदी अपने प्रवास के दौरान रायपुर में नए कमिश्नरेट कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे। राज्य सरकार ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
पिछली बार कब आए थे प्रधानमंत्री मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछली बार अप्रैल 2024 में छत्तीसगढ़ आए थे। 23 अप्रैल को उन्होंने सक्ति और धमतरी में चुनावी सभाएं की थीं, जबकि 24 अप्रैल को अंबिकापुर में सरगुजा लोकसभा सीट के लिए जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद 30 मार्च 2025 को बिलासपुर दौरे पर भी आए थे।
नया विधानसभा भवन: कांग्रेस ने रखी नींव, भाजपा ने दिया आकार
छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन से जुड़ा एक रोचक तथ्य यह है कि इसकी आधारशिला 28 अगस्त 2020 को कांग्रेस सरकार में रखी गई थी। उस समय सोनिया गांधी और राहुल गांधी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए थे। भवन का नाम प्रदेश की पहली महिला सांसद मिनीमाता के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया था।
2023 में भाजपा सरकार आने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने निर्माण कार्य की समीक्षा की और अब करीब 5 साल बाद यह भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है।
राज्य के विकास की नई इबारत
छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर पीएम मोदी का दौरा न केवल एक राजनीतिक संदेश देगा, बल्कि राज्य के विकास के नए अध्याय की शुरुआत भी करेगा। राजधानी रायपुर और पूरे प्रदेश के लिए यह कार्यक्रम सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और विकासात्मक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण होगा।
Read More : Chhattisgarh rain alert: छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन तेज बारिश के आसार, मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया











