Punjab tanker fire : पंजाब के होशियारपुर जिले में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। मंडियाला गांव के पास LPG से भरे टैंकर के पलटने और उसमें आग लगने से जबरदस्त ब्लास्ट हुआ। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा तब हुआ जब एक मिनी ट्रक ने टैंकर को टक्कर मारी। इसके बाद टैंकर पलट गया और गैस रिसाव के चलते भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया और 15 दुकानें व 4 घर जलकर राख हो गए।

घायलों की हालत नाजुक
घायलों को होशियारपुर सिविल अस्पताल और अन्य मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया गया। सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि 2 शव देर रात अस्पताल लाए गए, जबकि करीब 20-22 लोग भर्ती हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है, जिनमें से कुछ 30% से 80% तक झुलस चुके हैं। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
आग पर काबू पाने में लगी पूरी रात
हादसे के बाद होशियारपुर, दसूहा और तलवाड़ा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर होशियारपुर-जालंधर नेशनल हाईवे बंद कर दिया और एक किलोमीटर दायरे का इलाका खाली कराया।
DC आशिका जैन ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य होने के बाद ही नुकसान और हादसे के कारणों का आकलन किया जाएगा।
SDRF की टीम मौके पर
पुलिस और SDRF की टीम ने ग्रामीणों की मदद से घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला। राहत की बात यह रही कि जिस जगह ब्लास्ट हुआ, वहां से महज 500 मीटर दूर गैस प्लांट था, लेकिन आग वहां तक नहीं पहुंची। वरना बड़ा हादसा और भी भयावह हो सकता था।
गांव में दहशत का माहौल
मंडियाला गांव के लोगों ने बताया कि हादसे के बाद पूरा इलाका दहशत में आ गया। रातभर हाईवे पर ट्रैफिक रोक दिया गया और पुलिस-प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थीं।
Read More : India China Trade : भारत-चीन के बीच लिपुलेख दर्रे से फिर शुरू होगा व्यापार, अब रुपए-युआन में होगा लेनदेन










