Sarpanch Victory : जनपद पंचायत अंबिकापुर के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) आर.एस. सेंगर को शुक्रवार को कार्यमुक्त कर दिया गया। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सरगुजा द्वारा जारी आदेश के तहत उन्हें शासन के पूर्व आदेश के अनुरूप जनपद पंचायत रामानुजनगर, जिला सूरजपुर में पदस्थापना के लिए रिलीव किया गया है। वहीं, जिला पंचायत सरगुजा के सहायक परियोजना अधिकारी कुबेर सिंह उरेती को आगामी आदेश तक जनपद पंचायत अंबिकापुर के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले ही जिले भर के सरपंचों ने आर.एस. सेंगर को हटाने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ दिया था।

कलेक्टर ने जारी किया कार्यमुक्ति आदेश
कार्यालय कलेक्टर (जिला पंचायत) सरगुजा से जारी आदेश क्रमांक 3556 के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास विभाग द्वारा 30 जून 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के पालन में आर.एस. सेंगर को जनपद पंचायत अंबिकापुर से कार्यमुक्त करते हुए जनपद पंचायत रामानुजनगर, जिला सूरजपुर के लिए रवाना किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

कुबेर सिंह उरेती को मिला प्रभार
आदेश में जिला पंचायत सरगुजा के सहायक परियोजना अधिकारी कुबेर सिंह उरेती को आगामी आदेश तक जनपद पंचायत अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का समस्त प्रभार तत्काल प्रभाव से सौंपा गया है, ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

सरपंच संघ ने खोला था मोर्चा
गौरतलब है कि पिछले दिनों जिला सरपंच संघ ने आर.एस. सेंगर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। जिले भर के बड़ी संख्या में सरपंच अंबिकापुर पहुंचे थे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उन्हें पद से हटाने की मांग की थी। सरपंचों का आरोप था कि जनपद पंचायत में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय नहीं बन पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

सरपंचों में खुशी का माहौल
आर.एस. सेंगर के कार्यमुक्त होने के आदेश के बाद सरपंच संघ के सदस्यों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। कई सरपंचों ने इसे उनके आंदोलन और एकजुटता की जीत बताया। हालांकि प्रशासनिक आदेश में कार्यमुक्ति का आधार शासन का पूर्व स्थानांतरण आदेश बताया गया है, लेकिन इस घटनाक्रम को सरपंचों के हालिया आंदोलन से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नए प्रभारी अधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद जनपद पंचायत अंबिकापुर में लंबित विकास कार्यों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय की स्थिति में कितना सुधार आता है।











