Ravinder Kumar Serial Killer : दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को वर्षों तक दहशत में डालने वाला सीरियल किलर रविंदर कुमार आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया है। सात साल तक 6 से 12 साल के मासूम बच्चों को अपनी हवस और दरिंदगी का शिकार बनाने वाले इस अपराधी को कोर्ट ने मई 2023 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अब वह जेल की सलाखों के पीछे है, लेकिन उसका खौफनाक अतीत आज भी लोगों के रोंगटे खड़े कर देता है।

30 मासूमों की जिंदगी का गुनहगार
पुलिस जांच में सामने आया कि रविंदर कुमार ने करीब 30 बच्चों का अपहरण, रेप और हत्या की। कई मामलों में वह शवों के साथ भी दरिंदगी करता था। अपने अपराधों को वह इतने शातिर तरीके से अंजाम देता था कि सालों तक किसी को उस पर शक तक नहीं हुआ। जिन बच्चों को वह अपना शिकार बनाता था, उनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते थे। आर्थिक तंगी के चलते वे अक्सर पुलिस के पास केस दर्ज कराने के बाद फॉलोअप नहीं करते थे – इसी का फायदा रविंदर उठाता रहा।

2008 में शुरू हुआ खौफ का सिलसिला
2008 में यूपी के कासगंज से दिल्ली आया रविंदर कुमार, उस समय 18 साल का था। दिल्ली में वह शराब, ड्रग्स और पोर्न वीडियो का आदी हो गया। नशे की हालत में वह हर शाम बच्चों की तलाश में 40 किलोमीटर तक पैदल घूमता था। बच्चों को बहलाने के लिए वह टॉफी या पैसे का लालच देता और फिर उन्हें सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म कर उनकी हत्या कर देता।
पहली गिरफ्तारी और चौंकाने वाले खुलासे
2014 में पहली बार पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, लेकिन सबूतों की कमी के चलते वह अदालत से छूट गया। 2015 में दिल्ली के रोहिणी से फिर पकड़ा गया, जब वह एक 6 साल की बच्ची के अपहरण के मामले में फंसा। इस बार पुलिस ने मजबूत चार्जशीट तैयार की और रविंदर ने पूछताछ में खुद 30 से ज्यादा बच्चों के साथ रेप और हत्या की बात कबूली। उसने कहा, “मुझे इसमें मजा आता था।”
कोर्ट का फैसला
मई 2023 में कोर्ट ने रविंदर कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाई। यह फैसला उन तमाम पीड़ित परिवारों के लिए एक उम्मीद की किरण बना, जिन्होंने अपने बच्चों को खोया लेकिन कभी न्याय की उम्मीद नहीं छोड़ी। रविंदर कुमार जैसे अपराधियों की कहानी केवल कानून व्यवस्था की नहीं, समाज की भी चेतावनी है। बच्चों की सुरक्षा के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई ही भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित रख सकती है।










