Wrong Number Love Story : बिहार के जमुई जिले से एक बेहद हैरान करने वाला अनोखा प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। यहां खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव में एक 19 वर्षीय युवक को पांच बच्चों की मां से प्यार हो गया। दोनों का यह प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों ने समाज और परिवार की परवाह किए बिना कोलकाता जाकर शादी रचा ली। शादी करने के बाद जब यह अनोखा जोड़ा वापस अपने गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में यह खबर आग की तरह फैल गई। हालांकि, इस बेमेल विवाह को देखकर कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और मामले की जानकारी तुरंत स्थानीय खैरा थाना पुलिस को दे दी।

ग्रामीणों के विरोध के बाद थाना पहुंचा मामला
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खैरा थाना पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस स्टेशन में जब दोनों से इस विवाह और उनके संबंधों के बारे में पूछताछ की गई, तो दोनों प्रेमियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर पुलिस अधिकारियों के सामने साफ तौर पर एक साथ रहने की इच्छा जताई। दोनों की बातें सुनने और उनके बालिग होने की पुष्टि करने के बाद, पुलिस ने कानूनन हस्तक्षेप न करते हुए उन्हें थाने से शांतिपूर्वक वापस घर भेज दिया।

रॉन्ग नंबर से शुरू हुई थी बातचीत
इस अनोखी प्रेम कहानी की शुरुआत लगभग दो साल पहले एक रॉन्ग नंबर के जरिए हुई थी। पूर्णिया जिले की रहने वाली 40 वर्षीय बिंदु देवी उर्फ सीमा परवीन और जमुई के 19 वर्षीय युवक महावीर ठाकुर के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं और यह दोस्ती गहरे प्रेम संबंध में बदल गई। दिलचस्प बात यह है कि बिंदु देवी ने करीब 10 साल पहले पूर्णिया के ही मोहम्मद मनन आलम नामक युवक से लव मैरिज की थी। उस समय उन्होंने हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम अपना लिया था और अपना नाम बिंदु से बदलकर सीमा परवीन रख लिया था। वह पूर्व पति से पांच बच्चों की मां भी हैं।
मंदिर में रचाई शादी और वीडियो किया वायरल
महावीर ठाकुर ने बताया कि फोन पर लगातार बातें होने के बाद दोनों ने एक-दूसरे से मिलने और साथ रहने का फैसला किया। इसके बाद बिंदु अपने पांचों बच्चों और घर को छोड़कर महावीर के साथ कोलकाता भाग गईं। कोलकाता पहुंचकर दोनों ने एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह कर लिया और अपनी शादी का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। अब महिला ने दोबारा हिंदू धर्म अपनाने और अपने नए पति महावीर ठाकुर के साथ ही अपना पूरा जीवन बिताने की इच्छा जाहीर की है।
पहले पति के अत्याचारों से तंग आकर उठाया कदम
युवक महावीर का कहना है कि उसे बिंदु के अतीत से कोई फर्क नहीं पड़ता और वह हर हाल में उसके साथ रहेगा। महावीर ने कहा, “मैंने बिंदु से सच्चा प्रेम किया है, अब मुझे उसी के साथ जीना और मरना है।” वहीं, बिंदु उर्फ सीमा परवीन ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसका पहला पति मनन आलम शादी के बाद से ही उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। पहले पति के अत्याचारों से तंग आकर उसने मिस कॉल से संपर्क में आए महावीर का हाथ थामा और अपने बच्चों को छोड़ दिया।
दोनों प्रेमी हैं पूरी तरह बालिग
इस पूरे मामले पर खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने आधिकारिक बयान देते हुए बताया कि ग्रामीणों की गुप्त शिकायत के आधार पर प्रेमी जोड़े को थाने बुलाकर गहन पूछताछ की गई थी। जांच में पाया गया कि युवक और महिला दोनों पूरी तरह से बालिग हैं और अपनी मर्जी व आपसी सहमति से एक साथ जीवन बिताना चाहते हैं। कानून के दायरे में रहते हुए, पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक पूछताछ की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को सुरक्षित वापस उनके घर भेज दिया गया है।
Read More : CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक, मौसम विभाग ने जारी किया पांच दिनों का अलर्ट











