Surguja News : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि कंवर समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं और सामाजिक मूल्य प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। समाज ने अपनी विशिष्ट पहचान और पारंपरिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सुरक्षित रखा है। सामाजिक एकता, शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के माध्यम से समाज को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रदेश के सभी समाजों के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
अंबिकापुर में संभागीय कंवर समाज सम्मेलन और करमा तिहार का आयोजन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को अंबिकापुर स्थित राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम में आयोजित संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां पहुंचने पर समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री के पांव पखारकर उनका आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने समाजजनों के इस स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताया।

गहिरा गुरु जी के आदर्श समाज को देते हैं एकता की प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूज्य गहिरा गुरु जी का कंवर समाज के आध्यात्मिक और सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके विचारों और शिक्षाओं ने समाज को सदाचार, अच्छाई, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। आज भी उनके आदर्श समाज को एकजुट रहने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि कंवर समाज सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त है। समाज के विश्वास और आशीर्वाद से ही उन्हें प्रदेश की सेवा का अवसर मिला है।

सरकार की योजनाओं से किसानों, महिलाओं और जरूरतमंदों को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती दे रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है।उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। इसके अलावा चरण पादुका योजना, श्री रामलला दर्शन योजना और तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से भी प्रदेशवासियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सेवा सेतु से आसान हो रहीं सरकारी सेवाएं
मुख्यमंत्री साय ने सुशासन की व्याख्या करते हुए कहा कि शासन की सेवाएं आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक घर बैठे प्रमाणपत्र और अन्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए बैंकिंग सहित कई सुविधाएं दी जा रही हैं।

कंवर समाज भवनों के निर्माण के लिए 2.25 करोड़ रुपये की घोषणा
सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंवर समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता की घोषणाएं कीं। उन्होंने सरगुजा में संभागीय कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके साथ ही सूरजपुर और बलरामपुर जिले में कंवर समाज के सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपये तथा चेंद्रा में समाज भवन के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इन घोषणाओं के तहत भवन निर्माण के लिए कुल 2.25 करोड़ रुपये की सहायता प्रस्तावित है।
प्रत्येक करमा दल को मिलेंगे 20 हजार रुपये
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक करमा नृत्य को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक करमा दल को 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि करमा तिहार लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामुदायिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा एकजुटता को मजबूत बनाते हैं।
समाज के प्रमुखों और प्रतिभाओं का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के प्रमुखों और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता किसी भी समाज की प्रगति के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।
छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने भी सामाजिक एकता को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया। कार्यक्रम में गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत एवं नगर निगम के जनप्रतिनिधि, कंवर समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

