Balrampur News : शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। वाड्रफनगर विकासखंड के प्राथमिक शाला रूपपुर में पदस्थ प्रधान पाठक मनमोहन सिंह शराब के नशे में धुत होकर चड्डा पहनकर स्कूल पहुंचे। इस दौरान मीडिया के कैमरे में उनकी हरकतें कैद हो गईं। कैमरे के सामने भी प्रधान पाठक बेबाकी से स्वीकारते दिखे कि वे डॉक्टर की सलाह पर “एक पाव शराब” पीकर स्कूल आए हैं।

ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, यह पहला मौका नहीं है जब मनमोहन सिंह नशे में स्कूल पहुंचे हों। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह अक्सर शराब के नशे में शिक्षण कार्य करने आते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और स्कूल का माहौल बिगड़ रहा है। इस विद्यालय में करीब 40 छात्र अध्यनरत हैं और प्रधान पाठक के साथ एक शिक्षक की नियुक्ति की गई है। परिजनों ने इस मामले की शिकायत शुक्रवार को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) से की है, लेकिन अब तक शिक्षा विभाग ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है।

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक का यह आचरण न केवल बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि सरकारी स्कूलों की छवि को भी धूमिल करता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शिक्षा विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे स्कूल का बहिष्कार करेंगे और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मामले पर जब मीडिया ने प्रधान पाठक से सवाल किया, तो उन्होंने बिना झिझक यह स्वीकार किया कि उन्होंने शराब पी रखी है और इसे डॉक्टर की सलाह का हिस्सा बताया। हालांकि, इस बयान ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, क्योंकि शिक्षण संस्थानों में नशे की हालत में पहुंचना सीधा-सीधा आचार संहिता का उल्लंघन है।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या शराबी प्रधान पाठक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।











