Asia Cup 2025 Hockey: एशिया कप हॉकी 2025 में भारतीय हॉकी टीम का विजयरथ थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार, 1 सितंबर को खेले गए पूल-ए के अपने तीसरे और आखिरी मुकाबले में भारत ने कजाखस्तान को 15-0 से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी की। इस एकतरफा मुकाबले के बाद भारत ने पूल-ए में टॉप स्थान हासिल कर लिया है और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इससे पहले टीम इंडिया ने जापान और चीन जैसी मजबूत टीमों को मात दी थी। अब कजाखस्तान पर मिली रिकॉर्ड जीत ने भारत के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है।

अभिषेक चमके, सुखजीत ने भी मारी हैट्रिक
इस मुकाबले में भारतीय टीम के फॉरवर्ड अभिषेक ने शानदार खेल दिखाते हुए सबसे पहला और आखिरी गोल किया। उन्होंने कुल 4 गोल दागे, जिसमें शुरुआती 20 मिनट में ही हैट्रिक पूरी कर ली। सुखजीत सिंह ने भी कमाल की फॉर्म में रहते हुए 3 गोल ठोके और अपनी हैट्रिक पूरी की।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह ने भी 2-2 गोल के साथ टीम के स्कोर में अहम योगदान दिया। भारत के आक्रामक खेल के आगे कजाखस्तान की टीम पूरी तरह बेबस नजर आई।
पहले हाफ में ही 7-0 की बढ़त
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक तेवर दिखाए। 5वें मिनट में अभिषेक ने पहला गोल दागकर खाता खोला और 8वें मिनट में दूसरा गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। हाफ टाइम तक भारत 7-0 की मजबूत बढ़त बना चुका था।
दूसरे हाफ में कहर बरपा दिया
दूसरे हाफ में भारत का खेल और तेज हो गया। महज 30 सेकेंड के अंदर टीम ने 8वां गोल दागा और फिर 101 सेकेंड के भीतर 3 गोल ठोक दिए। कुल मिलाकर भारतीय टीम ने पूरे मैच में हर क्वार्टर में दबदबा बनाए रखा और कोई मौका नहीं छोड़ा।
पूल-ए में भारत शीर्ष पर
इस जीत के साथ भारत ने पूल-ए में तीनों मैच जीतकर 9 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है। इससे पहले भारत ने जापान को 4-2 और चीन को 5-1 से हराया था।अब टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचेगी, जहां उसका सामना पूल-बी की दूसरे नंबर की टीम से होगा।
टीम इंडिया की यह बड़ी जीत सिर्फ आंकड़ों में ही नहीं, आत्मविश्वास के लिहाज से भी बेहद अहम है। अभिषेक, सुखजीत और हरमनप्रीत जैसे खिलाड़ी जिस तरह की लय में हैं, उससे उम्मीद की जा सकती है कि भारत एशिया कप 2025 का खिताब भी अपने नाम करेगा।










