Wife Murder Najafgarh: दिल्ली के नजफगढ़ के पुराना रोशनपुरा इलाके से एक सनसनीखेज घरेलू हत्याकांड सामने आया है। एक 30 वर्षीय महिला की उसके पति ने गला घोंटकर हत्या कर दी, और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि, फांसी का फंदा टूट गया, जिससे आरोपी की जान बच गई।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार सुबह 4 बजे के करीब घटी। मृतक महिला एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर थी और इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहती थी। उसके लगभग 6,000 फॉलोअर्स थे। यही बात उसके पति को नागवार गुजरती थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

रील बनाना बना झगड़े की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला का सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना और रील्स बनाना पति को पसंद नहीं था। पति को पत्नी के कैरेक्टर पर शक था और इसी शक ने एक दिन हत्याकांड का रूप ले लिया। आरोपी ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या की, फिर फांसी का फंदा बनाकर खुदकुशी की कोशिश की, लेकिन फंदा टूट गया।
ई-रिक्शा चालक है आरोपी, पीलीभीत का रहने वाला
आरोपी पति की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी के रूप में हुई है, जो पेशे से ई-रिक्शा चालक है। दोनों अप्रैल 2025 से दिल्ली में किराए पर रह रहे थे। दंपति के दो बेटे हैं – एक 9 साल का और दूसरा 5 साल का। घटना के समय बच्चे घर पर ही मौजूद थे।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आरटीआरएम अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसने जहर खाने की भी कोशिश की थी, लेकिन समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया।
मामले की गंभीरता से जांच
दिल्ली पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या व आत्महत्या की कोशिश जैसी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया को लेकर बढ़ता अविश्वास और घरेलू कलह इस अपराध की मुख्य वजह मानी जा रही है।
सोशल मीडिया बना वैवाहिक कलह की वजह
यह मामला एक बार फिर यह सवाल उठाता है कि सोशल मीडिया की लत और उससे जुड़ा अविश्वास किस हद तक रिश्तों को तोड़ सकता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता आज की जरूरत है, लेकिन जब यह विश्वास की दीवार को गिरा देती है, तो अंजाम बेहद दर्दनाक हो सकता है।
Read More : Maratha Reservation: मनोज जरांगे ने खत्म की भूख हड़ताल, कहा – “हम जीत गए हैं”











