Bangladesh vs Sri lanka : एशिया कप 2025 के पांचवें मुकाबले में जब बांग्लादेश की टीम श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 53 रनों पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, तब ऐसा लग रहा था कि टीम जल्द ही सिमट जाएगी। लेकिन शमीम हुसैन और जाकिर अली ने मोर्चा संभालते हुए नाबाद 86 रन की साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती दो ओवरों में ही तंजीद हसन तमीम और परवेज हुसैन एमन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद तौहीद ह्रदोय (8 रन) और मेहदी हसन (9 रन) भी सस्ते में निपट गए। कप्तान लिटन दास ने जरूर थोड़ी उम्मीद जगाई और 26 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 28 रन बनाए, लेकिन वे भी ज्यादा देर टिक नहीं सके।

53/5 पर संकट में बांग्लादेश
जब स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 53 रन टंगे थे और आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी, तब श्रीलंका की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। विकेट में उछाल और स्विंग दोनों मौजूद थे। लेकिन यहीं से कहानी बदली। शमीम हुसैन (42 रन)* और जाकिर अली (41 रन)* ने मोर्चा संभालते हुए श्रीलंका के गेंदबाजों को टिककर खेलने की चुनौती दी।
इन दोनों ने मिलकर 61 गेंदों में 86 रन जोड़े और एक भी विकेट नहीं गिरने दिया। शमीम ने 34 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 42 रन बनाए, जबकि जाकिर ने संयमित बल्लेबाज़ी करते हुए 34 गेंदों में 2 चौकों के साथ 41 रन ठोके। उनकी इस साझेदारी के दम पर बांग्लादेश ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 139 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका की गेंदबाज़ी में हसरंगा चमके
श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके अलावा नुवान तुषारा और दुष्मंता चमीरा को भी एक-एक विकेट मिला। लेकिन अंतिम ओवरों में लय गंवाने का खामियाज़ा टीम को भुगतना पड़ा।
इस मैच ने एक बार फिर दिखा दिया कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है। जहां एक समय बांग्लादेश की टीम 100 से पहले ढेर होती दिख रही थी, वहीं अब वह सम्मानजनक स्कोर पर पहुंच चुकी है। शमीम हुसैन और जाकिर अली की इस साझेदारी ने ना सिर्फ टीम को संकट से निकाला, बल्कि श्रीलंका के मंसूबों पर भी पानी फेर दिया। अब देखने वाली बात ये होगी कि क्या बांग्लादेश की गेंदबाज़ी इस स्कोर का बचाव कर पाएगी या श्रीलंका यह लक्ष्य हासिल करने में सफल होगा।










