Dehradun disaster: उत्तराखंड में मंगलवार को अचानक मौसम ने कहर बरपाया। देहरादून जिले के विकासनगर और मालदेवता क्षेत्र में बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। अब तक की जानकारी के अनुसार, राज्यभर में कुल 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।

विकासनगर में टोंस नदी में ट्रॉली बहने से 8 की मौत
सबसे बड़ी घटना देहरादून के विकासनगर में टोंस नदी के पास हुई, जहां मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज बहाव में बह गई। हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 4 अब भी लापता हैं। बताया जा रहा है कि नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा, जिससे मजदूर संभल नहीं सके और ट्रॉली नदी में गिर गई।

मालदेवता में सोंग नदी बनी काल
मालदेवता क्षेत्र में भी सोंग नदी में 5 लोग बह गए, जिनमें से 4 के शव बरामद कर लिए गए हैं और एक व्यक्ति की तलाश जारी है। प्रशासन ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है और आसपास के ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
कालसी और टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी नुकसान
कालसी में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, टपकेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित तमसा नदी का जलस्तर बढ़ने से मंदिर परिसर में पानी भर गया। मंदिर के आसपास की कई दुकानें बह गईं और 2 लोग लापता हैं। मौके पर एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत कार्य में लगी हुई हैं।
नैनीताल और पिथौरागढ़ में भी नुकसान
देहरादून के अलावा नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में एक-एक मौत की खबर सामने आई है। राज्यभर में लगातार हो रही भारी बारिश ने नदियों और नालों का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ा दिया है। कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और यातायात बाधित है।
प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। संवेदनशील क्षेत्रों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों और पहाड़ी क्षेत्रों के पास न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
उत्तराखंड में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में भारी जान-माल का नुकसान हुआ है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है, लेकिन अभी भी कई लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।










