Punjab flood 2025: पंजाब में आई भीषण बाढ़ को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर प्रभावितों के लिए व्यापक राहत पैकेज की मांग की है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित ₹1,600 करोड़ की शुरुआती सहायता को नाकाफी बताते हुए इसे पंजाब के लोगों के साथ “घोर अन्याय” करार दिया है। राहुल गांधी ने अपने पत्र में बाढ़ से हुई तबाही का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी हालिया पंजाब यात्रा के दौरान उन्होंने खुद विनाशकारी हालात और मानवीय संकट को नजदीक से देखा। उन्होंने लिखा, “4 लाख एकड़ से ज्यादा धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। 10 लाख से अधिक पशुओं की मृत्यु हुई है और लाखों लोग, विशेषकर हाशिए पर रहने वाले समुदाय, अपने घरों से बेघर हो गए हैं।” उन्होंने बताया कि बाढ़ का पानी अब भी हजारों एकड़ जमीन पर जमा है और कई गांवों का बाकी राज्य से संपर्क पूरी तरह कट चुका है। राहुल गांधी ने चेताया कि इस आपदा से राज्य को अनुमानतः ₹20,000 करोड़ का नुकसान हुआ है, जबकि केंद्र सरकार की ओर से दी गई ₹1,600 करोड़ की राशि पूरी तरह अपर्याप्त है। पंजाब की जमीनी हकीकत पर जोर राहुल गांधी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में देखी गई मानवीय संवेदनशीलता की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस संकट के दौरान लोगों ने अजनबियों के लिए अपने घर खोले, अपना खाना और संसाधन बांटे, और एकजुटता का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि केंद्र सरकार एक साहसिक और ठोस कदम उठाए। पत्र में उन्होंने आग्रह किया कि नुकसान का शीघ्र आकलन कर एक व्यापक राहत पैकेज लागू किया जाए जिससे पंजाब फिर से अपने पैरों पर खड़ा हो सके। “हर किसान, हर जवान और हर परिवार के साथ खड़ा हो देश” राहुल गांधी ने अपने पत्र में यह भी लिखा, “हमें पंजाब के हर किसान, हर जवान और हर परिवार को यह भरोसा दिलाना होगा कि देश उनके साथ खड़ा है। हमें राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर इस मानवीय संकट से निपटने की जरूरत है।” राहुल गांधी की यह मांग ऐसे समय आई है जब पंजाब में हजारों लोग अब भी बाढ़ से जूझ रहे हैं। कृषि, पशुपालन और स्थानीय व्यापार को भारी नुकसान पहुंचा है। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि केंद्र सरकार राहुल गांधी की अपील पर किस प्रकार की प्रतिक्रिया देती है और क्या वाकई एक व्यापक राहत पैकेज की घोषणा की जाती है। Read More : Nellore road accident: नेल्लोर में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत














