अंबिकापुर में नगर निगम ने सड़क पर अतिक्रमण व नो-वेंडिंग जोन के खिलाफ कार्रवाई की। मंत्रा रेस्टोरेंट का बोर्ड जब्त करने के साथ सड़क किनारे ठेले भी हटाए गए।
अंबिकापुर में नगर निगम ने सड़क पर अतिक्रमण व नो-वेंडिंग जोन के खिलाफ कार्रवाई की। मंत्रा रेस्टोरेंट का बोर्ड जब्त करने के साथ सड़क किनारे ठेले भी हटाए गए।

Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने नगर निगम ने शनिवार को कार्रवाई की। आयुक्त विनय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम की भवन शाखा और बाजार व्यवस्था टीम ने घड़ी चौक से गांधी चौक, आकाशवाणी रोड, आकाशवाणी चौक और चौपाटी क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान नो-वेंडिंग जोन और सार्वजनिक मार्गों पर सामग्री रखकर रास्ता बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में निगम के साथ राजस्व और पुलिस की टीम भी सक्रिय रही।

नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे रखी विभिन्न सामग्रियों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर दुकानदारों और व्यवसायियों द्वारा दुकान के बाहर सामग्री, बोर्ड आदि रखे जाने के कारण सड़क और पैदल आवागमन प्रभावित हो रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर ऐसी सामग्री को हटाया और संबंधित लोगों को सार्वजनिक मार्ग पर सामान नहीं रखने की समझाइश दी।

गांधी चौक स्टेडियम परिसर के समीप स्थित मंत्रा रेस्टोरेंट द्वारा सड़क पर दोबारा बोर्ड लगाए जाने पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बोर्ड हटाया। इस दौरान जब्ती की कार्रवाई भी की गई। निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि नो-वेंडिंग जोन में बार-बार सामग्री या बोर्ड लगाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

इसी अभियान के तहत सड़क किनारे ठेला लगाकर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। टीम ने ऐसे ठेले और अन्य अवरोधों को हटाया, जिनसे सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा था।

नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई जनहित में निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी व्यवसायियों और दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर किसी भी तरह की सामग्री, बोर्ड या अन्य सामान रखकर सार्वजनिक मार्ग और यातायात को बाधित न करें।
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर रखी सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने व्यवसायियों से सहयोग की अपील करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ देने को कहा है।

© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
