Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ में सड़कों और सरकारी भवनों के निर्माण की गुणवत्ता सुधारने तथा समय पर काम पूरा कराने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों का दौरा कर विभिन्न निर्माण एवं संधारण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य सरकारी निर्माण स्थलों पर पहुंचकर काम की प्रगति और गुणवत्ता की जांच की।
लापरवाही पर बैंक गारंटी जब्त करने और ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में देरी और सड़कों के रखरखाव में लापरवाही सामने आने पर सचिव ने अधिकारियों और ठेकेदारों को मौके पर ही सख्त निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, नियमानुसार बैंक गारंटी राजसात करने और सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर सड़क के ठेकेदारों पर कार्रवाई
सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग का निरीक्षण करते हुए सचिव ने पाया कि संधारण अवधि के दौरान संबंधित ठेकेदारों ने सड़कों का उचित रखरखाव नहीं किया। इस पर उन्होंने दोनों मार्गों के ठेकेदारों को नोटिस जारी कर बैंक गारंटी राजसात करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संधारण कार्य में लापरवाही जारी रहने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए। दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल की पेंटिंग कराने को भी कहा गया।

मैनपाट में फोरलेन सड़क और कॉलेज निर्माण की समय-सीमा तय
सोनतराई-मैनपाट मार्ग पर कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाने के लिए संशोधित प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं, कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन के लिए 15 दिसंबर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब और 15 जनवरी 2027 तक पूरे भूतल का स्लैब तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। निर्माण के लिए चिह्नित जमीन का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा मिलने पर कलेक्टर से समन्वय कर उसे हटाने को कहा गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के धीमे निर्माण पर ठेकेदार को नोटिस
मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण में धीमी प्रगति मिलने पर सचिव ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुभवी अभियंता की नियुक्ति कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। निगरानी के लिए उप अभियंता को रोजाना, एसडीओ को दो दिन में एक बार तथा अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को हर 30 दिन में निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई।

दरिमा एयरपोर्ट और विभागीय कार्यालयों के रखरखाव पर जोर
दरिमा एयरपोर्ट के सामने सड़क की रि-कारपेटिंग, बीसीएएस मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण और परिसर में घास कटाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग के कार्यालय परिसर में सफाई, खरपतवार हटाने, बाउंड्रीवॉल, शेड, क्वार्टरों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया।
सूरजपुर में सड़क निर्माण और डामरीकरण जल्द शुरू करने के निर्देश
सूरजपुर जिले में बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग पर तत्काल डामरीकरण शुरू करने और गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग का निरीक्षण किया गया। ठेकेदार ने बताया कि करीब 10 किलोमीटर सड़क पर डब्ल्यूएमएम का काम पूरा हो चुका है और बैच मिक्स प्लांट स्थापित कर दिया गया है। जून 2027 तक अनुबंध के सभी कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया गया।
89 करोड़ रुपये से बने राजपुर-प्रतापपुर मार्ग की जांच
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत उन्नत राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण किया। 29.20 किलोमीटर लंबी इस सड़क को इस साल जनवरी में 89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मजबूत और उन्नत किया गया था। फिलहाल सड़क पांच साल की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है। सचिव ने इसकी स्थिति और रखरखाव व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने चारों जिलों के अधिकारियों को नियमित निगरानी, बेहतर गुणवत्ता और तय समय-सीमा में सभी निर्माण कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए।

