Raipur Rajim MEMU train: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से धार्मिक नगरी राजिम के बीच आवागमन अब पहले से कहीं ज्यादा सस्ता और सुविधाजनक हो गया है। आज से रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन (68766/68767) की नियमित सेवा शुरू हो गई है। इस ट्रेन को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सिर्फ 15 रुपये में डेढ़ घंटे का सफर
यह ट्रेन हर दिन दोनों दिशाओं में चलेगी और मात्र 15 रुपये में करीब डेढ़ घंटे का सफर तय किया जा सकेगा। पहले जहां रायपुर से राजिम आने-जाने में यात्रियों को 100-120 रुपये तक का खर्च उठाना पड़ता था, अब वह घटकर सिर्फ 30 रुपये रह गया है। इससे खासकर महिलाओं, छात्र-छात्राओं और मजदूर वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।

यात्रियों में दिखा उत्साह
ट्रेन सेवा की शुरुआत के पहले दिन यात्रियों में भारी उत्साह देखा गया। लोगों ने कहा कि यह ट्रेन उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। एक महिला यात्री ने बताया, “अब हर रोज आने-जाने में पैसे और समय दोनों की बचत होगी। पहले ऑटो और बस से बहुत खर्च होता था।”
ढाई लाख लोगों को होगा लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रायपुर-राजिम मार्ग पर प्रतिदिन करीब 2000 यात्री सफर करते हैं। इस नई रेल सेवा से करीब ढाई लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह क्षेत्र लंबे समय से कनेक्टिविटी की समस्या से जूझ रहा था। रेलवे का यह प्रोजेक्ट 1500 करोड़ रुपये का है, जिसे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरा किया गया है।
रायपुर स्टेशन पर दिखी लापरवाही
हालांकि ट्रेन के पहले ही दिन रायपुर स्टेशन के आउटर पर थोड़ी देर रुकावट देखी गई। इसी दौरान स्काउट एंड गाइड के कैडेट्स को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जल्दबाजी में ट्रेन से छलांग लगानी पड़ी, ताकि वे समय पर डीआरएम ऑफिस पहुंच सकें। इस घटना को लेकर रेलवे प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यह एक गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
सातों दिन चलेगी सेवा
यह मेमू ट्रेन सप्ताह के सातों दिन चलेगी, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। आने वाले समय में इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या और भी बढ़ने की उम्मीद है।रायपुर-राजिम मेमू ट्रेन की शुरुआत से न केवल सस्ती और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिला है, बल्कि यह सेवा स्थानीय विकास और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। सरकार और रेलवे का यह प्रयास आम जनता के जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।










