Brother kills sister : सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भाई ने महज मोबाइल चलाने की बात को लेकर अपनी ही बहन की टांगी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। मामूली विवाद में हुई इस खौफनाक वारदात से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी अनुसार, लिपिंगी मझवारपारा निवासी स्मिथ मझवार ने चौकी कुन्नी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बहन मुनेश्वरी, जो पास के ही गांव में शादीशुदा थी, 5 अगस्त को मायके आई थी। रात का भोजन करने के बाद मुनेश्वरी जमीन पर सो रही थी जबकि उसका बड़ा भाई जयप्रकाश खाट पर लेटा मोबाइल चला रहा था।

रात करीब 12:30 बजे मुनेश्वरी ने जयप्रकाश को टोका कि इतनी रात को मोबाइल क्यों चला रहे हो, और उससे मोबाइल लेकर अपने पास रख लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद लगभग 1 बजे, जयप्रकाश ने गुस्से में आकर अपनी बहन पर सोते समय टांगी से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
मामले की रिपोर्ट पर चौकी कुन्नी में अपराध क्रमांक 185/25, धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की। एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण, मर्ग पंचनामा एवं शव का परीक्षण किया गया। पूछताछ में आरोपी जयप्रकाश मझवार 31 वर्ष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके पास से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद की गई है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना लखनपुर प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक के. के. यादव, चौकी प्रभारी डेविड मिंज सहित पुलिस टीम सक्रिय रही।










