Swami Avimukteshwaranand: देशभर में अपने प्रवचनों के लिए प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को लेकर हाल ही में हुए विवाद ने धार्मिक जगत में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे जगद्गुरु रामभद्राचार्य के एक वीडियो में उन्होंने प्रेमानंद महाराज को संस्कृत श्लोक सुनाने की चुनौती दी थी। इस बयान पर कई संतों और भक्तों ने नाराजगी जाहिर की, जिसमें अब शारदा पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद भी शामिल हो गए हैं।

“प्रेमानंद महाराज को संस्कृत आने की जरूरत नहीं”
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रेमानंद महाराज का पक्ष लेते हुए कहा, “वो दिन-रात भगवान राधा नाम का स्मरण करते हैं। उन्हें संस्कृत श्लोक की आवश्यकता नहीं है क्योंकि उनका कार्य भगवान का नाम प्रचारित करना है।”उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा, “क्या ‘राधा’ संस्कृत शब्द नहीं है? अगर है, तो फिर आप (जगद्गुरु रामभद्राचार्य) को सुनाई और दिखाई क्यों नहीं देता?”

इस बयान से स्पष्ट है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद प्रेमानंद महाराज पर सवाल उठाने को अनुचित मानते हैं और इसे धर्म प्रचार में अनावश्यक बाधा मानते हैं।
धीरेंद्र शास्त्री पर भी साधा निशाना
हाल ही में एक कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, “मैं उनका काफी आदर करता हूं, भले ही वो हमें हर दो दिन में गाली बकते रहते हैं।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “‘बकते हैं’ शब्द का हिंदी अर्थ होता है ‘व्यर्थ प्रलाप करना’, यानी निरर्थक बातें। जब आप कह रहे हैं कि आप मुझे आदर करते हैं, तो फिर ऐसे शब्दों का प्रयोग क्यों?”
गुरु पर भी किया व्यंग्य
इतना ही नहीं, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने धीरेंद्र शास्त्री के गुरु पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि शिष्य की भाषा ऐसी है, तो गुरु ने क्या सिखाया होगा, इस पर भी विचार होना चाहिए। उन्होंने धर्म के नाम पर हो रहे इस “ड्रामा और प्रदर्शन” की आलोचना करते हुए कहा कि सच्चे संतों को विवादों में घसीटना उचित नहीं है।
प्रेमानंद महाराज के समर्थन में उतरे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने न केवल रामभद्राचार्य के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया, बल्कि धीरेंद्र शास्त्री को भी उनकी भाषा पर संयम रखने की नसीहत दी। यह पूरा घटनाक्रम दर्शाता है कि आज के समय में संतों के बीच की शब्दों की मर्यादा भी एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।
Read More: BJP on Rahul: राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, “धमाका करने आए थे, ड्रामा करके चले गए”










