PM Modi 25 Years : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की विस्तृत जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होने जा रहे हैं। इस अवसर पर उनका जन्मदिन भी सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने चलेगा।
साधारण कार्यकर्ता से देश के प्रधानमंत्री तक का सफर
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके मुताबिक, जब प्रधानमंत्री ने देश की सत्ता की जिम्मेदारी संभाली, उस समय निराशा और नीति-गत ठहराव का माहौल था। मोदी ने अपने कार्यकाल के शुरुआती दिनों से ही जनसेवा और राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी तथा अपने संकल्पों को योजनाओं और नीतियों के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास किया।
गरीबों और आम लोगों के लिए योजनाओं का जिक्र
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि गरीबों तक राशन पहुंचाने, कोविड महामारी के दौरान मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराने और करोड़ों लोगों को मुफ्त आवास देने जैसे कदमों के जरिए सरकार ने आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना सार्वजनिक जीवन आम लोगों के बीच रहकर जिया है। उनके अनुसार, आज भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से उभरती हुई ताकत के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ बदलाव का दावा
नितिन नवीन ने कहा कि एक समय भारत आतंकवाद की गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा था और आतंकी हमलों का खतरा आम लोगों की चिंता का विषय बना हुआ था। उन्होंने दावा किया कि अब देश में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है। बीजेपी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि देश के 200 से अधिक जिले नक्सलवाद से मुक्त हो चुके हैं। साथ ही राम मंदिर, सोमनाथ मंदिर, महाकाल और काशी विश्वनाथ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास का भी उन्होंने उल्लेख किया।
स्टार्टअप और महिला सशक्तिकरण पर जोर
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के क्षेत्र में भारत ने बड़ी प्रगति की है और देश दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप इकोसिस्टम में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल रोजगार मांगने वाला देश नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों के जरिए महिलाओं और बेटियों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने का प्रयास किया गया।
गुजरात मॉडल से आत्मनिर्भर भारत तक की यात्रा
नितिन नवीन ने कहा कि विकास की इस यात्रा की शुरुआत गुजरात मॉडल से हुई, जिसने दूसरे राज्यों के सामने भी विकास का प्रतिस्पर्धी मॉडल प्रस्तुत किया। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों के जरिए लोगों की सोच और दृष्टिकोण में बदलाव लाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों में दूर-दराज के गांवों और अंतिम छोर तक बसे लोगों की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी गई।
रक्तदान से स्वच्छता अभियान तक होंगे कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत परिवारों और सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आशीर्वाद स्वरूप दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। बीजेपी के मुताबिक, पूरे एक महीने विभिन्न सेवा, जनकल्याण और सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल को रेखांकित किया जाएगा।
Read More : Rahul Gandhi Defamation Case: SC ने कहा सभी बराबर, जल्दी सुनवाई चाहिए तो अर्जी दें