Legal service clinic : देश के वीर सपूतों और उनके परिवारों को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025 के अंतर्गत लीगल सर्विस क्लीनिक की स्थापना अंबिकापुर में की गई है। यह क्लीनिक जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, अंबिकापुर परिसर में स्थापित की गई है, जिसका उद्घाटन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरगुजा (अंबिकापुर) लीनम बनसोडे द्वारा 8 अगस्त 2025 को किया गया।

यह पहल राष्ट्र विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरगुजा केएल चरयाणी के नेतृत्व में की गई है।

इस योजना के माध्यम से सेवा में कार्यरत डिफेंस पर्सनल्स, भूतपूर्व सैनिक तथा उनके आश्रितों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। क्लीनिक का उद्देश्य सैन्य परिवारों को उनकी कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए एक समर्पित मंच उपलब्ध कराना है।
शुभारंभ अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन (आई.एन.) यूएस चारण, भूतपूर्व सैनिकगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सैनिक कल्याण कार्यालय के कर्मचारीगण, साथ ही पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) उपस्थित रहे।
यह लीगल सर्विस क्लीनिक नियमित रूप से कार्य करेगा, और सैनिक परिवारों को ज़रूरी कानूनी सहायता देने के लिए एक सशक्त केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इस पहल से न्यायिक पहुंच को समाज के उस वर्ग तक ले जाने में मदद मिलेगी, जो अक्सर प्रशासनिक और कानूनी जटिलताओं से जूझते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे वीर परिवारों के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।










